सूरजपुर | छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाला और दुखद मामला सामने आया है, जहाँ एक युवक ने अज्ञात कारणों से खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे युवक को परिजन तुरंत अस्पताल ले जाना चाहते थे, लेकिन उसने इलाज के लिए जाने से साफ इंकार कर दिया। यही फैसला उसकी जान पर भारी पड़ गया।
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के मानपुर गांव की है। मृतक की पत्नी के अनुसार, आग लगाने के बाद पति की हालत बेहद नाजुक थी। पत्नी और सास दोनों ने उसे अस्पताल चलने के लिए समझाया, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी। इसके बाद युवक रात में अपने कमरे में जाकर सो गया।
सुबह जब पत्नी ने उसे जगाने की कोशिश की, तो युवक के शरीर में कोई हरकत नहीं थी और वह पूरी तरह ठंडा हो चुका था। घबराई पत्नी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल आत्मदाह के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
