राजनांदगांव। जिले के घुमका थाना क्षेत्र अंतर्गत जालबांधा के मोहंदी गांव में स्थित जया केमिकल फैक्ट्री में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं, जबकि काले धुएं का गुबार आसमान तक फैल गया। सूचना मिलते ही घुमका थाना पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
https://www.instagram.com/reel/DUz9gtHABZ3/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MzRlODBiNWFlZA==
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने फैक्ट्री परिसर को तुरंत खाली करवाया और आसपास के इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया। कर्मचारियों और ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
घुमका थाना प्रभारी विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी केमिकल रिएक्शन की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का सही आंकलन किया जा सकेगा। प्रशासन पूरे मामले पर लगातार निगरानी रखे हुए है।
