रायपुर। राजधानी रायपुर में आयोजित न्यूड पार्टी (Nude Party) को लेकर सियासी माहौल गर्म हो गया है। इस मामले में रायपुर उत्तर के भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर देर रात क्लब पार्टियों और अश्लील आयोजनों पर प्रतिबंध लगाने की मांग करेंगे।
मीडिया से चर्चा में विधायक मिश्रा ने कहा – “यह जो कुछ हो रहा है वह महापाप है। ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को खत्म कर देंगे। आयोजकों से अपील है कि ऐसे कार्यक्रम बंद करें, वरना आने वाला समय कठिन हो सकता है।”
इसी दौरान बिजली बिल को लेकर कांग्रेस पर भी विधायक मिश्रा ने निशाना साधा। उन्होंने कहा – “कांग्रेस जनता को भड़का रही है। पीएम सूर्य घर योजना लागू होने के बाद किसी का नुकसान नहीं होगा। हमारी योजना है कि अगले 25 साल तक मुफ्त बिजली दी जाए।”
एशिया कप भारत-पाकिस्तान मैच पर भी विधायक ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा – “ये मनोरंजन का मौका है। जैसे हमारे सैनिकों ने पहलगाम हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर से जवाब दिया था, वैसे ही आज खिलाड़ी पाकिस्तान को मैदान में चौके-छक्कों से लोहे के चने चबवाएं।”
