रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गर्लफ्रेंड से छेड़छाड़ का मामला अब खुली सड़क पर बवाल में बदल गया। दो युवकों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते दो गुटों की भिड़ंत में तब्दील हो गया। घटना दो दिन पुरानी बताई जा रही है, लेकिन इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना बीरगांव क्षेत्र की है, जहां कुछ कम उम्र के लड़के आपस में जमकर उलझ गए। पहले कहासुनी हुई, फिर धक्का-मुक्की और हाथापाई तक बात पहुंच गई। सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे।
हैरानी की बात यह है कि मामला इतना बढ़ने के बावजूद किसी भी पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई। दोनों गुटों के नाबालिग होने की वजह से परिजन भी पुलिस कार्रवाई से बचते नजर आए। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल वायरल वीडियो के चलते इलाके में चर्चा तेज है और लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या अब सार्वजनिक जगह भी सुरक्षित नहीं रहीं?
