रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस ने अवैध शराब बिक्री पर बड़ी कार्रवाई की है। विधानसभा थाना क्षेत्र के सड्डू छेव तालाब के पास पुलिस ने एक युवक को रंगे हाथ पकड़कर 200 पौवा देशी शराब और स्कूटी जब्त की है। जब्त शराब और वाहन की कीमत लगभग 1 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, 6 सितंबर को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि सड्डू क्षेत्र में एक युवक दोपहिया वाहन से शराब की अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि सोनी उर्फ मोनू (30 वर्ष), निवासी खालबाड़ा, थाना विधानसभा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के थैले की तलाशी ली जिसमें बड़ी मात्रा में देशी शराब पाई गई। पूछताछ में आरोपी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका और टीम को गुमराह करने का प्रयास करता रहा।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 200 पौवा देशी शराब, बिक्री की रकम और घटना में प्रयुक्त सुजुकी एक्सेस स्कूटी (सीजी 04 पीए 6725) जब्त कर ली। आरोपी पर धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
