दुर्ग। प्रेम विवाह का जश्न उस वक्त मातम में बदल गया, जब खुशियों के बीच लाठी-डंडों का तांडव मच गया। मामला दुर्ग के डिपरापारा इलाके का है, जहां बिना परिजनों की रजामंदी के हुए प्रेम विवाह ने एक परिवार को बिखेर दिया।
जानकारी के मुताबिक, पूजा साहू और तिलक साहू ने घरवालों की मर्जी के खिलाफ शादी की थी। शादी के बाद तिलक अपने दोस्तों के साथ जश्न मना रहा था, तभी पूजा के मौसेरे भाई नीरज ठाकुर से कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि तिलक के दोस्त लब्बू, दादू, राजा यादव और सनी ने लाठी-डंडों से नीरज की बेरहमी से पिटाई कर दी।
गंभीर रूप से घायल नीरज को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को हिरासत में लिया है और आगे की जांच जारी है।
इस बीच, युवती के परिवार ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि युवती के घर से भागने के बाद उन्होंने थाने में शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। परिवार का कहना है कि अगर पुलिस समय पर कदम उठाती, तो यह हत्या नहीं होती।
