रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के साथ दिल्ली के लिए रवाना हुए। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात और जीएसटी काउंसिल की अहम बैठक में शामिल होना है।
दिल्ली रवाना होने से पहले रायपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री साय ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि यह प्रवास एक दिवसीय होगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर हाल ही में कर्रेगुटा पहाड़ पर हुई मुठभेड़ में 31 नक्सलियों को मार गिराने वाले वीर जवानों को सम्मानित किया जाएगा।
किसानों को मिला बड़ा तोहफा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य के किसानों के लिए 60,800 मीट्रिक टन यूरिया का आबंटन किया गया है। इससे खरीफ सीजन में किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि पिछली बार 50,000 मीट्रिक टन आबंटन हुआ था और इस बार यह बढ़कर 60,800 मीट्रिक टन हो गया है।
महंगाई पर काबू लाएगा नया जीएसटी
वहीं वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि 3 और 4 सितंबर को होने वाली जीएसटी काउंसिल की बैठक में GST 2.0 पर चर्चा होगी। यह नए रिफॉर्म्स का पैकेज होगा, जिससे अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और महंगाई में कमी आएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी स्वतंत्रता दिवस पर इन रिफॉर्म्स का ऐलान किया था।
