मानपुर-मोहला-अंबागढ़ चौकी। छत्तीसगढ़ के मानपुर-मोहला-अंबागढ़ चौकी जिले के पांगरी गांव से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पूरे परिवार का सामूहिक सामाजिक बहिष्कार किए जाने के बाद तीन महिलाओं और दो मासूम बच्चियों ने थाने के भीतर ही आत्मदाह का प्रयास किया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पांगरी में इस परिवार को सामाजिक रूप से अलग-थलग कर दिया गया था। बहिष्कार के कारण रोज़ी-रोटी छिन गई और परिवार भूख व आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। मजबूरी में आहत परिवार की महिलाएं और बच्चियां थाने पहुंचीं और आत्मदाह का प्रयास करने लगीं।

यह घटना न केवल स्थानीय प्रशासन बल्कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रही है। लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई की होती तो इस तरह की नौबत नहीं आती।

स्थानीय ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि जब एक परिवार को सामाजिक बहिष्कार जैसी कुप्रथा का सामना करना पड़ा तो किसी ने मदद के लिए हाथ नहीं बढ़ाया। अब मामले ने तूल पकड़ लिया है और पुलिस जांच में जुटी हुई है।
