March 6, 2026
Bunglow no-18, Aishwarya Residency, Near VIP Chowk, Raipur, Chhattisgarh, 492001
Chhattisgarh crime

गांव की महिलाओं पर की अभद्र टिप्पणी, वीडियो वायरल करने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार

गांव की महिलाओं पर अश्लील टिप्पणी ,पांच आरोपी गिरफ्तार
गांव की महिलाओं पर अश्लील टिप्पणी ,पांच आरोपी गिरफ्तार

जशपुर, छत्तीसगढ़ | बगीचा थाना क्षेत्र में दो विवाहित महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियों के साथ वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिलाओं की शिकायत के बाद पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

यह मामला 26 मई को तब सामने आया जब दो महिलाओं ने पुलिस को जानकारी दी कि गांव के ही युवक राजेश यादव (25) और बबलू यादव (19) ने उनके बारे में अशोभनीय बातें करते हुए वीडियो बनाया और उसे डिजिटल माध्यम से प्रसारित किया। इस हरकत से महिलाओं की प्रतिष्ठा को ठेस पहुँची और मानसिक आघात भी लगा।

बगीचा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर बीएनएस धारा 79, 75(1)(4) और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत अपराध दर्ज किया। पूछताछ में राजेश और बबलू ने कबूला कि वीडियो उन्होंने सुधीर यादव (19), प्रवीण यादव (21), और रामचंद्र यादव (35) को भेजा था, जिन्होंने उसे आगे वायरल किया।

पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर मोबाइल जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी संतलाल आयाम व उनकी टीम की तत्पर कार्रवाई से यह केस मिसाल बन गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कानूनी शिकंजा कसा जाएगा और ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा