महासमुंद | छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में मॉब लिंचिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के लोगों ने चोरी के शक में एक दलित व्यक्ति को बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला। मृतक कौशल सहिस का शव दूसरे दिन गांव के मुक्तिधाम के पास मिला। पुलिस ने फॉरेंसिक जांच के बाद हत्या की आशंका जताई है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

महासमुंद जिले के ग्राम पतेरापाली में शनिवार को ग्रामीणों ने 50 वर्षीय कौशल सहिस को चोरी के शक में पकड़ लिया। बताया गया कि वह रेलवे पटरी के पास केबल जलाकर तांबे का तार निकाल रहा था। कुछ ग्रामीणों ने उसे पकड़कर बांध दिया और पूरे गांव में नंगे पांव घुमाते हुए पीटा।

रविवार सुबह उसकी लाश मुक्तिधाम के पास मिली। फॉरेंसिक जांच में शरीर पर घसीटने और अंदरूनी चोटों के निशान मिले। प्रारंभिक रिपोर्ट में मारपीट से मौत की आशंका जताई गई है।
गौर करने वाली बात यह है कि घटना की सूचना न तो सरपंच ने दी, न ही कोटवार ने पुलिस को बताया। कोतवाली प्रभारी शरद दुबे के अनुसार, ग्रामीणों ने घटना को छिपाने की कोशिश की। पुलिस अब सरपंच और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है।
एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडे ने बताया कि शव की शिनाख्त कौशल सहिस के रूप में हो चुकी है। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और परिजनों के बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
