March 6, 2026
Bunglow no-18, Aishwarya Residency, Near VIP Chowk, Raipur, Chhattisgarh, 492001
Breaking news Chhattisgarh

Chhattisgarh : 37 करोड़ की अधूरी जल योजना बनी मुसीबत, पानी के लिए भटक रहे वार्डवासी, CMO दफ्तर में विरोध

Chhattisgarh
Chhattisgarh

खैरागढ़। झमाझम बारिश से तालाब और नाले लबालब हैं, लेकिन जिला मुख्यालय खैरागढ़ के घरों में एक बूंद पानी तक नहीं पहुंच रहा। हालात इतने खराब हैं कि मंगलवार को वार्ड नंबर 19 नया टिकरापारा के रहवासी नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। गुस्साए लोगों ने सीएमओ दफ्तर के सामने मटका फोड़कर नगर पालिका और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

वार्डवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत और आवेदन देने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। महिलाएं और बच्चे रोज पीने के पानी के लिए दर-दर भटक रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर पानी की टंकी का निर्माण कार्य जल्द शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

37 करोड़ की योजना बनी अधूरी सपनों की कहानी

करीब दस साल पहले 37 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी जल योजना स्वीकृत हुई थी। योजना के तहत छिंदारी डेम (रानी रश्मिदेवी जलाशय) से पाइपलाइन के जरिये पूरे शहर को पानी पहुंचाना था। नगर पालिका ने दो साल पहले गलियों और सड़कों की खुदाई कर पाइप डालना शुरू किया, लेकिन आज तक उन पाइपों से पानी नहीं आया। अफसरों की लापरवाही से मुख्य पाइपलाइन पहले डेम से नहीं जोड़ी गई और सीधे शहर में पाइप डाल दिए गए।

अब नगर पालिका का कहना है कि पानी छिंदारी डेम से नहीं, बल्कि लालपुर स्टाफ डेम से लाया जाएगा। इसके लिए 2.46 करोड़ रुपये अतिरिक्त मंजूर भी हो चुके हैं। खैरागढ़ की जनता सवाल कर रही है कि आखिर 37 करोड़ की योजना अधूरी क्यों रह गई और कब तक उन्हें बुनियादी सुविधा जैसे पानी के लिए सड़क पर उतरना पड़ेगा।

Yugal Bhardwaj (Journalist), fondly known as Baba, hails from Limtara village in Sakti district of Chhattisgarh. He is currently pursuing higher education in Raipur. Yugal is a B.Sc. Electronic Media student at Kushabhau Thakre University of Journalism and Mass Communication, Raipur (KTUJM). His keen interest in media studies, production, editing, videography, news writing, reporting, and communication is rapidly propelling him forward in his field. CG Box News