जांजगीर-चांपा। जिले के करही गांव में जहरीली शराब पीने से दो युवकों की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने बिर्रा बस स्टैंड में चक्काजाम कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई।

मृतकों की पहचान सूरज यादव और मनोज कश्यप के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवकों ने 15 सितंबर को गिप्सी फाइन व्हिस्की पी थी, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में शराब में जहरीला पदार्थ होने की पुष्टि की है।

परिजनों और ग्रामीणों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि पुलिस पहले से शिकायतों के बावजूद लापरवाह रही। बढ़ते दबाव को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है और दावा किया है कि जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी होगी।
