कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में सरकारी दावों की हकीकत उजागर करने वाला चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पंडरिया ब्लॉक के ग्राम डोंगरिया खुर्द में रविवार को लगातार बारिश के बीच मुक्तिधाम में शेड न होने के कारण ग्रामीणों को तिरपाल के नीचे मृत बुजुर्ग महिला का अंतिम संस्कार करना पड़ा।

ग्रामीणों ने बताया कि मुक्तिधाम में शेड और अन्य बुनियादी सुविधाएं नहीं होने के कारण उन्हें हर बार बारिश में इसी तरह परेशानियों का सामना करना पड़ता है। भीगते हुए लोगों ने तिरपाल तानकर किसी तरह अंतिम संस्कार पूरा किया।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से जल्द ही मुक्तिधाम में शेड निर्माण कराने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। यह घटना विकास के तमाम दावों की सच्चाई को सामने लाती है और गांव की बदहाल व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।
