रायपुर। 24 सितम्बर को गुरुकुल महिला महाविद्यालय, रायपुर के कंप्यूटर विज्ञान विभाग द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के अंतर्गत “ऑनलाइन लर्निंग प्लेटफ़ॉर्म एवं स्वयं पोर्टल पंजीयन” विषय पर तीन दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया।

इस कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में शासकीय नागार्जुन स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय (साइंस कॉलेज) रायपुर के सहायक प्राध्यापक डॉ. सुरेंद्र पटेल ने छात्राओं को स्वयं और स्वयंप्रभा जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर पंजीयन की विस्तृत प्रक्रिया समझाई। उन्होंने सर्टिफिकेट कोर्सेज, क्रेडिट कोर्स और क्रेडिट ट्रांसफर की सुविधाओं की जानकारी देते हुए छात्राओं को डिजिटल शिक्षा प्रणाली से लाभान्वित होने का तरीका बताया।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. संध्या गुप्ता ने कहा कि इस कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं को वैश्विक स्तर की शिक्षा प्रणाली से जोड़ना और उनके शैक्षणिक, व्यावसायिक तथा व्यक्तिगत विकास को गति देना है।
इस अवसर पर कंप्यूटर विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अमिता तेलांग, डॉ. दीपशिखा, डॉ. मेघ अग्रवाल सहित अन्य प्राध्यापक और बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।
