गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। मैनपुर थाना क्षेत्र के घने जंगलों में आज सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस एनकाउंटर में 1 करोड़ रुपये के इनामी नक्सली और सेंट्रल कमेटी (CC) मेंबर मनोज समेत कई बड़े नक्सली मारे गए हैं।

जानकारी के अनुसार, गरियाबंद E-30, STF और COBRA की संयुक्त टीम को नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और मुठभेड़ शुरू हुई। अभी भी रुक-रुक कर फायरिंग जारी है।

गरियाबंद एसपी निखिल राखेचा ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि यह अभियान अभी जारी है और विस्तृत जानकारी ऑपरेशन समाप्त होने के बाद साझा की जाएगी। जिला प्रशासन ने आसपास के गांवों में लोगों से घरों में रहने और सुरक्षा बलों का सहयोग करने की अपील की है।
यह ऑपरेशन नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान को बड़ी मजबूती देने वाला साबित हो सकता है।
