छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में माओवादी उन्मूलन अभियान को बड़ी सफलता मिली है। बकरकट्टा थाना क्षेत्र के कुम्ही गांव में रविवार सुबह CPI (माओवादी) के 12 नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण किया। इनके पास से 10 हथियार भी जमा कराए गए, जिनमें एके-47, इंसास, एसएलआर और 303 राइफल शामिल थीं।
सबसे प्रमुख नाम 45 लाख के इनामी और केंद्रीय समिति सदस्य (CCM) रामधेर मज्जी का है, जिसे हाल ही में एमएमसी (मध्यप्रदेश–महाराष्ट्र–छत्तीसगढ़) जोन की कमान सौंपी गई थी। वह हिड़मा के बाद संगठन का दूसरा बड़ा आदिवासी चेहरे माना जाता था।
रामधेर के साथ आठ-आठ लाख के इनामी चार डिविजनल कमेटी सदस्य—चंदू उसेंडी, ललिता, जानकी और प्रेम—ने भी हथियार डाल दिए। इसके अलावा पाँच–पाँच लाख के इनामी दो एरिया कमेटी सदस्य और दो-दो लाख के इनामी अन्य छह नक्सलियों ने भी समर्पण किया।
