रायपुर। छत्तीसगढ़ मंत्रालयीन कर्मचारी संघ का बहुप्रतीक्षित चुनाव 17 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। इस दिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम 5:30 बजे से मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव की आधिकारिक घोषणा और मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के साथ ही मंत्रालय में चुनावी हलचल तेज हो गई है।
निर्वाचन अधिकारी राजकुमार चंचलानी ने जानकारी दी कि इस चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष और दो सदस्य पदों के लिए मतदान होगा। उन्होंने बताया कि 3 सितंबर शाम 4 बजे तक मतदाता सूची पर दावा-आपत्ति प्रस्तुत की जा सकती है, जबकि 4 सितंबर को दावा-आपत्ति का निराकरण किया जाएगा।
नामांकन पत्रों की बिक्री 5 से 8 सितंबर के बीच होगी। 9 सितंबर को नामांकन दाखिल होंगे और 10 सितंबर को नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। 11 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच, प्रत्याशी सूची का प्रकाशन और चुनाव चिन्ह आबंटन किया जाएगा।
इस चुनाव को लेकर मंत्रालय के कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है और सभी की निगाहें 17 सितंबर को होने वाले मतदान और नतीजों पर टिकी हैं।
