रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाले में नया मोड़ आ सकता है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल के खिलाफ विशेष अदालत में चालान पेश कर सकती है। फिलहाल चैतन्य बघेल रायपुर जेल में न्यायिक रिमांड पर बंद हैं।
इस मामले में आज हाईकोर्ट में भी महत्वपूर्ण सुनवाई होनी है। चैतन्य बघेल ने अपनी गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए याचिका दायर की है, जिस पर जस्टिस अरविंद कुमार वर्मा की सिंगल बेंच में सुनवाई जारी है। ईडी की ओर से भी कोर्ट में जवाब दाखिल किया जाएगा।
गौरतलब है कि 18 जुलाई 2025 को ईडी ने भिलाई से चैतन्य बघेल को गिरफ्तार किया था। सुप्रीम कोर्ट ने उनकी याचिका को खारिज करते हुए उन्हें हाईकोर्ट में अपील करने का निर्देश दिया था। चैतन्य बघेल का दावा है कि उनकी गिरफ्तारी गैरकानूनी है और ईडी ने कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया।
