रायपुर। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ भाजपा नेता और रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा है कि दिल्ली में उन्होंने प्रदेश के विकास से जुड़ी कई योजनाओं पर केंद्र सरकार से चर्चा की है। उन्होंने बताया कि रायपुर में सेंट्रल स्कूल खोलने, महामारी से जुड़ी योजनाओं के लिए फंड और छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर एयर शो की स्वीकृति केंद्र ने दे दी है।
अग्रवाल ने कहा, “रायपुर की जनता ने मुझे विकास की जिम्मेदारी दी है। नड्डा जी ने महामारी से जुड़े कार्यों के लिए 15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं, वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जी ने 1 नवंबर को होने वाले एयर शो को मंजूरी दी है। आने वाले समय में और कई योजनाओं को स्वीकृति मिलेगी।”
उन्होंने बिहार चुनाव को लेकर कहा कि “जहां-जहां भूपेश बघेल प्रचार करने गए, वहां कांग्रेस का सफाया हुआ। बिहार में भी वही हाल होगा और एनडीए की मजबूत सरकार बनेगी।”
ननकी राम कंवर के बयान पर अग्रवाल ने कहा, “वह धर्मशास्त्री और धर्म के रक्षक हैं, इसलिए उन्होंने जो कहा सही है।” वहीं, चैतन्य बघेल के रिमांड पर बोले, “यह न्यायालय का विषय है, इस पर टिप्पणी उचित नहीं।”
भाजपा सरकार द्वारा मंत्रियों की साप्ताहिक ड्यूटी पर उन्होंने कहा, “भाजपा जनता की पार्टी है, मंत्री हर सप्ताह कार्यालय में बैठकर जनता की समस्याएं सुनेंगे। कांग्रेस ने पांच साल सिर्फ नौटंकी की, इसलिए हर काम उन्हें नौटंकी लगता है।”
