बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने माओवादियों की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। पामेड़ थाना क्षेत्र के काऊरगट्टा जंगल में की गई सर्चिंग के दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक और माओवादी सामान बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, माओवादियों ने ग्राम कंचाल के जंगल में गड्ढों और पेड़ों की खोल में घातक सामग्री छिपा रखी थी। सुरक्षाबलों को मौके से बीजीएल लांचर, मजल लोडिंग बंदूक, बैरल पाइप, बैटरी, इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, डायरेक्शनल माइंस, बीजीएल सेल, पिट्ठू बैग, माओवादी वर्दी, कॉम्बैट ड्रेस, बेल्ट, बेडशीट, माओवादी साहित्य, पटाखे और राशन सामग्री बरामद हुई।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह सामग्री किसी बड़े नक्सली हमले के लिए एकत्रित की गई थी। सुरक्षाबलों की त्वरित कार्रवाई से यह साजिश समय रहते नाकाम हो गई। फिलहाल बरामद सामान को जब्त कर आगे की जांच की जा रही है।
