बालोद | बालोद में रेस्टोरेंट संचालक के बेटे दूर्गेश देवांगन हत्याकांड का पर्दाफाश हो गया है। जांच में सामने आया कि उसकी हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसका ही बचपन का दोस्त पवन कंवर ने की थी। जानकारी के मुताबिक दोनों अर्जुन्दा के बिरयानी सेंटर में दोस्तों के साथ शराब पी रहे थे। देर रात शराब पिलाने की जिद को लेकर दोनों के बीच बहस बढ़ी और गुस्से में पवन ने चमड़े के बेल्ट से दूर्गेश का गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को फर्श पर लिटाकर खुद वहीं पास की दुकान के सामने जाकर सो गया। शक न हो इसलिए वह अन्य दोस्तों के साथ अस्पताल भी पहुंचा। लेकिन सीसीटीवी फुटेज में वारदात कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने धारा 103 के तहत पवन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पोस्टमार्टम में भी गला घोंटने के स्पष्ट संकेत मिले थे। पुलिस अब पूरी घटना की पृष्ठभूमि की जांच कर रही है।
