रायगढ़। संत गुरु घासीदास बाबा के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाले विजय राजपूत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था और सोशल मीडिया पर उसका वीडियो वायरल हो गया था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल से लेकर मरीन ड्राइव तक करीब 100 मीटर तक मार्च कराया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
क्या है मामला
रायगढ़ के चक्रधर नगर क्षेत्र के सिंधी कॉलोनी निवासी विजय राजपूत ने बुधवार रात शराब के नशे में संत गुरु घासीदास जी के प्रति अपमानजनक टिप्पणी की थी।
इस वीडियो के वायरल होने के बाद सतनामी समाज ने आक्रोश व्यक्त करते हुए पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस ने समाज के प्रतिनिधि अजय कुमार भारद्वाज की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ धारा 296, 299, 302, 352, 3(5) BNS और SC/ST एक्ट की धारा 3(2)(क) के तहत अपराध दर्ज किया था।
वीडियो वायरल होने के बाद मांगी थी माफी
वायरल वीडियो के बाद आरोपी ने एक और वीडियो जारी कर माफी मांगी थी। उसने कहा था—
“कल रात मैंने शराब के नशे में गुरु घासीदास जी के बारे में गलत टिप्पणी कर दी थी। इसके लिए मैं दिल से क्षमा मांगता हूं। गुरु बाबा हमारे पूजनीय हैं।”
समाज की सख्ती से मिली गिरफ्तारी
सतनामी समाज की लगातार मांग और विरोध के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को उसी स्थान पर ले जाकर पुलिस ने मार्च कराया, जहां उसने अभद्र टिप्पणी की थी।
