रायपुर। छत्तीसगढ़ में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार विष्णुदेव साय मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक बुधवार को कैबिनेट विस्तार तय माना जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुद इस बात के संकेत दिए थे और पार्टी हाईकमान से भी मंजूरी मिल चुकी है।
शपथ ग्रहण समारोह के लिए छत्तीसगढ़ मंडपम में तैयारियां शुरू हो गई हैं। बताया जा रहा है कि इस बार तीन नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा। संभावित नामों में दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव, अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल और आरंग विधायक व सतनामी समाज के गुरु खुशवंत साहेब का नाम सबसे आगे है। खास बात यह है कि ये तीनों पहली बार मंत्री पद की शपथ लेंगे।
हालांकि अगर आखिरी समय में फेरबदल होता है तो अमर अग्रवाल, राजेश मूणत, अजय चंद्राकर और किरण सिंहदेव जैसे दिग्गज भी मंत्री बन सकते हैं।
हरियाणा फॉर्मूले पर छत्तीसगढ़ कैबिनेट विस्तार
सूत्रों के अनुसार साय सरकार में हरियाणा की तर्ज पर मंत्रियों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। नियम के तहत 90 विधायकों वाली विधानसभा में अधिकतम 14 मंत्री बन सकते हैं। वर्तमान में मुख्यमंत्री समेत 11 मंत्री हैं। शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के लोकसभा चुनाव जीतने के बाद इस्तीफा देने से एक पद खाली हो गया था।
क्षेत्रीय और जातिगत समीकरण होंगे संतुलित
मंत्रिमंडल विस्तार में क्षेत्रीय और जातिगत समीकरण को भी साधा जाएगा। सरगुजा संभाग से पहले से ही सबसे ज्यादा मंत्री हैं, जबकि रायपुर, दुर्ग और बस्तर से सिर्फ एक-एक मंत्री हैं। ऐसे में गजेंद्र यादव, राजेश अग्रवाल और खुशवंत साहेब का नाम मजबूत माना जा रहा है।
अब सबकी निगाहें कल होने वाले शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं।
