March 6, 2026
Bunglow no-18, Aishwarya Residency, Near VIP Chowk, Raipur, Chhattisgarh, 492001
Badi Khabar Breaking news Chhattisgarh

सोशल मीडिया पर बस्तर को लेकर कांग्रेस का विवादित पोस्ट, भाजपा ने कहा – छत्तीसगढ़ महतारी का अपमान

रायपुर।

छत्तीसगढ़ में चुनावी पराजयों से आहत कांग्रेस अब सोशल मीडिया पर आक्रामक तेवर अपनाए हुए है। लेकिन इस बीच बस्तर को लेकर पार्टी द्वारा किए गए एक विवादित पोस्ट ने नया राजनीतिक बवाल खड़ा कर दिया है।

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से बस्तर के संदर्भ में भाजपा पर हमला बोलते हुए लिखा कि “छत्तीसगढ़ महतारी की आड़ में अब ‘बाप’ का कर्ज उतारा जा रहा है।” इस टिप्पणी को लेकर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और कांग्रेस पर छत्तीसगढ़ महतारी का अपमान करने का आरोप लगाया है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस का यह बयान न केवल राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन है, बल्कि वह सीधे-सीधे छत्तीसगढ़ की अस्मिता और भावनात्मक प्रतीक ‘छत्तीसगढ़ महतारी’ का भी अपमान है। पार्टी प्रवक्ताओं ने ट्वीट करते हुए लिखा, “छत्तीसगढ़ महतारी के आगे ‘बाप’ की उपमा देना घोर आपत्तिजनक और शर्मनाक है। कांग्रेस को तुरंत माफी मांगनी चाहिए।”

भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनावी हार की निराशा में प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और जनभावनाओं पर चोट कर रही है।

वहीं कांग्रेस की तरफ से अभी तक इस विवादित पोस्ट पर कोई आधिकारिक सफाई नहीं दी गई है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस तेज हो गई है। कई यूजर्स ने भी कांग्रेस के पोस्ट को आपत्तिजनक बताते हुए इसकी निंदा की है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ऐसे बयानों से चुनावी विमर्श मुद्दों से भटक कर भावनात्मक टकराव की ओर चला जाता है, जिससे आम जनता की भावना आहत होती है।