March 6, 2026
Bunglow no-18, Aishwarya Residency, Near VIP Chowk, Raipur, Chhattisgarh, 492001
Other

शहर में यातायात सुधार के लिए बुलेट बाइक पेट्रोलिंग की शुरुआत

रायगढ़ : शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारू बनाने के लिए एसपी दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देश पर यातायात पुलिस ने मेट्रो शहरों की तर्ज पर बुलेट बाइक पेट्रोलिंग शुरू की है। अब पुलिस सिर्फ चार पहिया वाहनों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि बुलेट बाइक के जरिए भीड़भाड़ वाले इलाकों में गश्त कर यातायात को नियंत्रित करेगी।

डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि इस नई पहल को आज से लागू कर दिया गया है। पहले चरण में चार बुलेट बाइक को इस अभियान में शामिल किया गया है, जिन पर पुलिस साइरन और पीए (पब्लिक अनाउंसमेंट) सिस्टम लगाया गया है। इससे संकेतों और सूचनाओं का त्वरित प्रसारण संभव होगा, जिससे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात नियंत्रण प्रभावी रूप से किया जा सकेगा।

प्रमुख इलाकों में सक्रिय रहेगी बुलेट पेट्रोलिंग टीम

यह बुलेट पेट्रोलिंग टीम प्रमुख चौराहों, बाजारों और व्यस्त इलाकों में लगातार गश्त करेगी। इससे न केवल ट्रैफिक जाम की समस्या में कमी आएगी, बल्कि यातायात नियमों का पालन कराने में भी सहायता मिलेगी। यातायात पुलिस के जवान पहले से ही शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर तैनात हैं और इस पहल से उनकी कार्यक्षमता और बढ़ेगी।

जनसहयोग की अपील

यातायात पुलिस ने दुकानदारों और आम जनता से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें और नियमों का पालन कर यातायात को सुगम बनाने में योगदान दें। यदि यह पहल सफल होती है, तो आने वाले समय में अधिक बुलेट बाइक को इस अभियान में जोड़ा जाएगा

यह नई व्यवस्था न केवल यातायात नियंत्रण को मजबूत बनाएगी, बल्कि आपातकालीन स्थितियों में भी पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया को सुनिश्चित करेगी।