March 6, 2026
Bunglow no-18, Aishwarya Residency, Near VIP Chowk, Raipur, Chhattisgarh, 492001
Badi Khabar Chhattisgarh

बिलासपुर: गुमशुदा बेटी की तलाश में भटक रही मां से पुलिसकर्मी ने मांगी रिश्वत, वीडियो वायरल

बिलासपुर (छत्तीसगढ़)। जनता की रक्षा के लिए बनाई गई पुलिस व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठ खड़े हुए हैं। बिलासपुर जिले से पुलिस की वर्दी को शर्मसार करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। चार महीने से अपनी गुमशुदा बेटी की तलाश में दर-दर भटक रही एक मां को न तो उसकी बेटी मिली, और अब पुलिस पर रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप भी लगा है।

पीड़िता का आरोप है कि बेटी को खोजने के नाम पर थाने में पदस्थ एएसआई ने उससे 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। इस आरोप का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस अधिकारी के रिश्वत मांगने की बात साफ तौर पर सामने आ रही है।

बताया जा रहा है कि पीड़िता अपनी बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद से लगातार पुलिस थाने के चक्कर काट रही थी। बावजूद इसके पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। अब जब रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है, तो पूरे जिले में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।

वहीं, वायरल वीडियो के बाद पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया है। फिलहाल, उच्च अधिकारी मामले की जांच कराने की बात कह रहे हैं और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई का भरोसा दिला रहे हैं। लेकिन सवाल यह उठता है कि जब रक्षक ही भक्षक बन जाएं तो आम जनता न्याय की उम्मीद किससे करे?