रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस ने ठगी के सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है। मां-बेटे की जोड़ी ने बंटी-बबली फिल्म की तर्ज पर रायपुर और बिलासपुर के ज्वेलर्स को ठग लिया। नकली सोने का ब्रेसलेट असली बताकर सोने की चेन लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से सोने के गहने, नकदी और कार बरामद की है। जब्त माल की कुल कीमत करीब 8.5 लाख रुपये है।
कैसे हुई ठगी
शिकायतकर्ता शालीभद्र धाड़ीवाल (धाड़ीवाल ज्वेलर्स, सदर बाजार) के अनुसार 9 सितंबर की शाम एक महिला दुकान पर आई और नकली ब्रेसलेट को असली बताकर उसके बदले 13.880 ग्राम वजन की सोने की चेन (कीमत ₹1.68 लाख) ले गई। जांच में ब्रेसलेट नकली निकला।

पुलिस की कार्रवाई
शिकायत के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एंटी क्राइम और साइबर यूनिट ने कोतवाली पुलिस के साथ मिलकर CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज से महिला, उसके बेटे और उनकी कार की पहचान हुई। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार महिला का नाम सविता सिंह उर्फ सपना (43) और बेटे का नाम इशांत उर्फ अनुज वर्मा (23) है। पूछताछ में दोनों ने रायपुर और बिलासपुर में ठगी की बात स्वीकार की। बिलासपुर के अजय ज्वेलर्स से भी इसी तरीके से गहने ठगने की बात सामने आई।

जब्त सामान
सोने का ब्रेसलेट और चेन
₹82,170 नकद
यूपी नंबर की वेगनआर कार (UP 37 AA 1328)
पुलिस ने अपराध क्रमांक 188/25 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
