रायगढ़। छत्तीसगढ़ में अवैध अफीम खेती का नेटवर्क लगातार फैलता नजर आ रहा है। रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र स्थित आमाघाट में करीब एक एकड़ जमीन पर अफीम की खेती पकड़ी गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह खेती तरबूज और ककड़ी की फसल के बीच छिपाकर की जा रही थी।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि यह खेती नदी किनारे सरकारी जमीन पर की जा रही थी, हालांकि जमीन के मालिकाना हक को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने झारखंड निवासी एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

इससे पहले दुर्ग और बलरामपुर में भी बड़े पैमाने पर अफीम की खेती का खुलासा हो चुका है, जिससे प्रदेश में एक संगठित नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका बढ़ गई है।
https://www.instagram.com/reel/DWGPZXnAKrr/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MzRlODBiNWFlZA==
फिलहाल प्रशासन मामले की गहराई से जांच कर रहा है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अवैध कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
