March 7, 2026
Bunglow no-18, Aishwarya Residency, Near VIP Chowk, Raipur, Chhattisgarh, 492001
Chhattisgarh crime

CG crime: रायगढ़ में एकतरफा प्यार बना हैवानियत की वजह, युवती को अगवा कर होटल में किया दुष्कर्म

CG crime
CG crime

रायगढ़। एकतरफा प्यार में अंधा हो चुके युवक ने अपनी ही पहचान की युवती को जबरदस्ती घर से उठाकर दूसरे जिले में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म कर डाला। मामला कोतरारोड़ थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी पहचान दो साल पहले प्रभात सिदार नामक युवक से हुई थी। धीरे-धीरे प्रभात ने उससे जबरन प्रेम संबंध बनाने का प्रयास किया और कई बार इजहार भी किया, लेकिन हर बार उसे ठुकरा दिया गया। युवती ने उससे बातचीत बंद कर दी थी।

सोमवार को जब युवती अपनी मां और बहन के साथ घर पर थी, तभी प्रभात वहां पहुंचा और जबरदस्ती उसका हाथ पकड़कर बाहर ले जाने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने युवती की मां और बहन को जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण युवती उसके साथ चली गई।

इसके बाद आरोपी ने उसे बाइक में बैठाकर जांजगीर-चांपा जिले के एक होटल में ले जाकर बलात्कार किया। बाद में जब वह उसे बिलासपुर की ओर ले जा रहा था, तभी रास्ते में पुलिस को देखकर वह युवती को छोड़कर भाग गया। किसी तरह पीड़िता रायगढ़ लौटकर परिजनों को घटना की जानकारी दी और थाने में शिकायत दर्ज करवाई।

कोतरारोड़ पुलिस ने गंभीरता से कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और मुखबिर की सूचना पर जांजगीर-चांपा जिले से उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 333, 351(2), 115(2), 138, 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया।