जांजगीर-चांपा। जनता की सेवा का वादा कर राजनीति में कदम रखने वाले दंपति पर अब गंभीर आरोप लगे हैं। कोसमंदा गांव के पूर्व सरपंच गौतम राठौर और उनकी पत्नी जनपद सदस्य शारदा राठौर के खिलाफ 30 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है।
जानकारी के अनुसार, गौतम राठौर ने शिकायतकर्ता राजकुमार शर्मा की पत्नी रीता शर्मा की हथनेवरा स्थित जमीन को अपनी पत्नी के नाम की बताकर किसी और को 30 लाख रुपये में बेच दिया। बाद में पता चला कि जमीन न तो उनकी थी और न ही उनके कब्जे में थी।
धोखाधड़ी का खुलासा होने पर पीड़ित ने चांपा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के दौरान कई लोगों के बयान लिए और सबूतों के आधार पर दोनों दंपति के खिलाफ FIR दर्ज की।
बताया जा रहा है कि गौतम राठौर के खिलाफ पहले से भी एक धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। फिलहाल गौतम पुलिस के हिरासत में है और शारदा राठौर फरार हैं, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
