रायपुर। राजधानी रायपुर में वायरल हुए न्यूड पार्टी इनविटेशन कार्ड को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने इस मामले में भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोला और कहा कि “बिना सरकार की शह के इस तरह की अशोभनीय घटनाएं संभव ही नहीं हैं। यह छत्तीसगढ़ की संस्कृति को बिगाड़ने की साजिश है।”
बैज ने आरोप लगाया कि राज्य में ऐसे अराजक तत्वों को भाजपा सरकार का संरक्षण मिल रहा है और यह सरकार की “नग्न सोच” को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि सरकार गलत परंपरा शुरू कर रही है जो आने वाली पीढ़ियों पर गलत असर डालेगी।
धान खरीदी पर कांग्रेस का हमला
दीपक बैज ने धान खरीदी को लेकर भी सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि एग्रीस्टेक पोर्टल अभी तक सही तरीके से काम नहीं कर रहा, ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की दिक्कतें हैं, ऐसे में किसानों का पंजीयन कैसे होगा?
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों के साथ छल कर रही है और समर्थन मूल्य पर धान खरीदी नहीं करना चाहती। कांग्रेस ने मांग की है कि पुरानी सरल पद्धति से ही धान खरीदी की प्रक्रिया चलाई जाए ताकि किसानों को राहत मिल सके।
भारत-पाकिस्तान मैच पर सवाल
एशिया कप में भारत-पाकिस्तान मैच पर भी बैज ने केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि हाल ही में 26 परिवारों के जवान शहीद हुए हैं और ऐसे समय पर क्रिकेट मैच कराना शहीदों का अपमान है।
उन्होंने पूछा कि जब प्रधानमंत्री खुद कहते हैं कि “खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते”, तब क्रिकेट मैच क्यों कराया जा रहा है? क्या सरकार पाकिस्तान के सामने सरेंडर कर चुकी है?
