जगदलपुर, बस्तर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले से एक इंसानियत और सेवा भावना की मिसाल सामने आई है। ब्लॉक बास्तानार के बड़े बोदेनार गांव में 5 अगस्त को एक गर्भवती महिला को गंभीर प्रसव पीड़ा होने पर 102 महतारी एक्सप्रेस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एंबुलेंस चालक उमेश वेट्टी ने 25 किमी दूर स्थित गांव के लिए रवाना होकर एक उफनती नदी को पार किया और फिर 2 किमी पैदल चलकर महिला तक पहुंचा।
महिला तक पहुंचने के बाद, परिजनों की मदद से एक डोली तैयार कर गर्भवती को उसमें बैठाया गया और उसी रास्ते से नदी पार कर एंबुलेंस तक लाया गया। इसके बाद महिला को समय रहते बड़े किलेपाल सीएचसी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।
महिला के सुरक्षित प्रसव के बाद परिजनों की आंखों में आंसू छलक आए और उन्होंने चालक व स्टाफ का आभार व्यक्त किया। इस घटना ने एक बार फिर महतारी एक्सप्रेस की उपयोगिता और कर्मचारियों की सेवा भावना को सिद्ध कर दिया है।
महापौर संजय पांडे ने भी चालक की सराहना की और कहा कि बस्तर की तस्वीर बदल रही है, और ऐसे सेवाभावी लोग इस बदलाव के नायक हैं।
