खैरागढ़ । खैरागढ़ जिले के करमतरा गांव में एक पुराने मकान विवाद ने सोमवार देर रात गंभीर रूप ले लिया। रात करीब 12 बजे सैकड़ों ग्रामीण आक्रोशित होकर जालबांधा चौकी पहुंच गए, जहां जमकर नारेबाजी हुई और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए।
विवाद भूपत साहू और तेजेश्वरी साहू के बीच लंबे समय से चला आ रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत और पंचायत के बावजूद पुलिस ने समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की। हालात उस वक्त बिगड़ गए जब विवादित पक्ष की ओर से धारदार हथियारों से जान से मारने की धमकी दी गई।

घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भय के साए में आ गए, वहीं किसान और स्कूली बच्चे खुद को असुरक्षित महसूस करने लगे। आक्रोशित ग्रामीण थाने पहुंचे और पुलिस के खिलाफ नारे लगाए।
शिकायत के बाद पुलिस ने भूपत दास उर्फ साहेब, दीपक साहू और सूर्यकांत साहू को हिरासत में लेकर बीएनएस की धारा 170 व 126 के तहत कार्रवाई की। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि यह कदम दबाव में और काफी देर से उठाया गया। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।
