March 7, 2026
Bunglow no-18, Aishwarya Residency, Near VIP Chowk, Raipur, Chhattisgarh, 492001
Breaking news Chhattisgarh

CG NEWS : कबीरधाम में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, महुआ शराब और लाहन बरामद

CG NEWS
CG NEWS

रायपुर/कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की है। आबकारी आयुक्त आर. संगीता के निर्देश और कलेक्टर गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में 29 अगस्त की सुबह यह कार्रवाई की गई। जिला आबकारी अधिकारी अजय सिंह धुर्वे के विशेष निर्देशन में तीन अलग-अलग मामलों में प्रकरण दर्ज किए गए।

कार्रवाई के दौरान टीम ने 105 बल्क लीटर महुआ शराब (कीमत लगभग ₹10,500) जब्त की और 840 किलोग्राम महुआ लाहन (कीमत लगभग ₹42,000) मौके पर नष्ट कर दिया।

ग्राम सरोधा निवासी जयता राम मेरावी के घर से 15 बल्क लीटर महुआ शराब जब्त की गई। आरोपी पर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड की कार्रवाई जारी है। इसी गांव के एक अन्य आरोपी शौकी राम के मकान से भी 15 बल्क लीटर शराब बरामद की गई, हालांकि आरोपी मौके से फरार हो गया।

इसके अलावा ग्राम सरोधा के नाले किनारे से लावारिस हालत में 75 बल्क लीटर महुआ शराब और 840 किलो लाहन बरामद हुआ। इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी गई है।

यह पूरी कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी मनोज कुमार राठौर के नेतृत्व में आबकारी उप निरीक्षक अभिनव रायजादा, गीता साहू, रामानंद दीवान एवं स्टाफ के सहयोग से की गई।