जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित झीरम घाटी नक्सली हमला मामले में 13 साल बाद बड़ा फैसला आया है। जगदलपुर स्थित NIA की विशेष अदालत ने शनिवार, 5 सितंबर को मामले के सभी 10 आरोपियों को हत्या, हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश और अन्य गंभीर धाराओं में दोषी करार दिया। अदालत अब 16 सितंबर को सजा का एलान करेगी।
मामले में कुल 11 आरोपियों के खिलाफ सुनवाई शुरू हुई थी, लेकिन एक आरोपी की ट्रायल के दौरान मौत हो गई। सुनवाई में 101 गवाहों के बयान दर्ज किए गए। दोषियों में प्रमिला मोडियम, चैतू लेकाम उर्फ मुन्ना, सुमित्रा पुनेम मोडियम, मुक्का मांडवी, कोसा कवासी उर्फ कोसाराम, आयता मरकाम, मदकामी देवा, जोगा मदकामी, बनजामी सन्ना और महादेव नाग शामिल हैं।
बचाव पक्ष के वकील अरविंद चौधरी ने कहा कि फैसले की प्रति मिलने के बाद ऊपरी अदालत में अपील की जाएगी। 25 मई 2013 को कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा पर हुए हमले में तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नंदकुमार पटेल, महेंद्र कर्मा सहित 27 लोगों की जान गई थी।
