रायपुर। स्टेट जीएसटी विभाग की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। विभाग की टीम ने टैक्स चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी अंकित सिंह को हिरासत में लिया है। पहले खबर थी कि दो आरोपियों को पकड़ा गया है, लेकिन आधिकारिक सूत्रों ने साफ किया है कि केवल अंकित सिंह को ही गिरफ्तार किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, अंकित सिंह तीन कंपनियों (महावीर मोल्ड, पशुपति लोहा और जय बजरंग) में डायरेक्टर है। स्टेट जीएसटी की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि केवल एक से डेढ़ साल के दस्तावेजों में ही करीब 20 करोड़ रुपए की टैक्स चोरी का मामला उजागर हुआ है। अधिकारियों का अनुमान है कि सभी दस्तावेज खंगालने के बाद टैक्स चोरी की रकम 50 करोड़ रुपए से अधिक हो सकती है।
आरोपी पहले मिनी स्टील प्लांट एसोसिएशन का पदाधिकारी भी रह चुका है। वहीं, विभाग की टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी और उसके परिवार के अन्य सदस्य कहीं दूसरी फर्मों में भी डायरेक्टर तो नहीं, जहां इसी तरह की टैक्स चोरी की गई हो।
