April 24, 2025
Bunglow no-18, Aishwarya Residency, Near VIP Chowk, Raipur, Chhattisgarh, 492001
Chhattisgarh

बेहतर प्रशासन और तकनीक से छत्तीसगढ़ ने रचा इतिहास, 18% की जीएसटी राजस्व संग्रह में वृद्धि

रायपुर, 2 अप्रैल 2025 – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने जीएसटी राजस्व संग्रह में बड़ी सफलता हासिल की है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में राज्य ने कुल ₹16,390 करोड़ जीएसटी संग्रह किया, जिसमें 18% की वृद्धि दर्ज की गई। इस बढ़त के साथ छत्तीसगढ़ पूरे देश में पहले स्थान पर रहा, जबकि महाराष्ट्र 16% और तमिलनाडु 15% की वृद्धि दर के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।

मार्च 2025 में पहली बार ₹2000 करोड़ से अधिक का मासिक संग्रह

मार्च 2025 में छत्तीसगढ़ ने SGST मद में ₹1,301.09 करोड़ का राजस्व प्राप्त किया, जो मार्च 2024 की तुलना में 72% अधिक है। यह पहली बार है जब राज्य का SGST संग्रह ₹1000 करोड़ के पार पहुंचा। साथ ही, IGST मद में ₹756.73 करोड़ का संग्रह हुआ, जो पिछले वर्ष की तुलना में 10% अधिक है। इस तरह मार्च 2025 में कुल ₹2,057.82 करोड़ जीएसटी संग्रह हुआ, जो मार्च 2024 के ₹1,443.66 करोड़ की तुलना में 43% की वृद्धि को दर्शाता है। छत्तीसगढ़ ने पहली बार एक महीने में ₹2000 करोड़ से अधिक जीएसटी राजस्व प्राप्त कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है।

छत्तीसगढ़ में जीएसटी राजस्व वृद्धि की यह ऐतिहासिक सफलता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन और वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी के नेतृत्व में वाणिज्यिक कर विभाग में किए गए व्यापक सुधारों, नवाचार और नई कार्यसंस्कृति का परिणाम है। राज्य सरकार ने जीएसटी प्रशासन को अधिक सक्रिय, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। बेहतर प्रशासन, तकनीक के समावेश और सतत निगरानी से छत्तीसगढ़ ने राजस्व संग्रह में नई ऊंचाइयों को छुआ है