बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना कोतवाली की टीम ने सीएमएस इन्फो सिस्टम लिमिटेड के कैश कलेक्शन एजेंट लखेश्वर मांझी (23 वर्ष) को 41,23,054 रुपये गबन करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने जून और जुलाई 2025 में डिलीवरी कंपनियों से नगद राशि एकत्रित की थी, लेकिन रकम कंपनी के खाते में जमा नहीं की। आरोप है कि लखेश्वर मांझी ने पूरी राशि अपने निजी खर्च में खर्च कर दी।
जैसे ही कंपनी की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने गबन की बात स्वीकार कर ली। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया।
