अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। अंबिकापुर में आम लोगों से लेकर मंत्री तक जलभराव की समस्या से परेशान हैं।
गांधी चौक स्थित प्रदेश के नए मंत्री राजेश अग्रवाल के शासकीय बंगले में बारिश का पानी लबालब भर गया। हालात इतने खराब रहे कि नगर निगम की टीम को मोटर पंप लगाकर पानी निकालना पड़ा। शहरवासी अब नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

बस्तर में नेशनल हाईवे बंद
बस्तर जिले में रातभर तेज बारिश हुई। इसके चलते जगदलपुर–सुकमा नेशनल हाईवे पर झीरम नाला उफान पर आ गया। पानी सड़क से करीब 2 फीट ऊपर बहने लगा, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने जांजगीर-चांपा, कोरबा, रायगढ़, गरियाबंद, धमतरी, कोंडागांव और बस्तर जिलों में आज भारी बारिश, बिजली गिरने, गरज-चमक और आंधी-तूफान की चेतावनी दी है। बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया बनने की वजह से कई हिस्सों में तेज बारिश और ओले गिरने की संभावना भी जताई गई है।
