रायगढ़ | छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र में ब्लैकमेलिंग से परेशान एक 26 वर्षीय महिला द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार महिला ने 6 फरवरी की दोपहर अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। परिजन उसे गंभीर हालत में तुरंत उर्जानगर स्थित फोर्टिस अस्पताल उर्जानगर तमनार लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान परिजनों ने पुलिस को महिला द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट और मोबाइल में मौजूद एक ऑडियो रिकॉर्डिंग सौंपी। जांच में सामने आया कि गांव का ही रहने वाला युवक महेंद्र गुप्ता महिला और एक अन्य व्यक्ति की बातचीत की रिकॉर्डिंग के आधार पर उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। आरोपी द्वारा बनाए जा रहे मानसिक दबाव से महिला बेहद परेशान थी।
पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
इस मामले में शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ किसी भी तरह का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
