जांजगीर | छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के धरदेई गांव में एक पति-पत्नी ने अपने ही घर के आंगन में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार यह घटना देर रात की बताई जा रही है। सुबह जब काफी देर तक दोनों घर से बाहर नहीं निकले तो परिजनों को शक हुआ। आंगन में पहुंचने पर दोनों के शव फंदे से लटके मिले, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि आत्महत्या से पहले दंपति ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। इस वीडियो में उन्होंने अपनी मानसिक स्थिति और पारिवारिक तनाव का जिक्र किया है। साथ ही चार पन्नों का एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है।
बताया जा रहा है कि दंपति का इकलौता बेटा करीब एक साल पहले सड़क हादसे में चल बसा था। बेटे की मौत के बाद से दोनों गहरे सदमे में थे और लगातार मानसिक दबाव में जी रहे थे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
