रायपुर। वैलेंटाइन डे के मौके पर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कपल्स की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी तरह की अव्यवस्था रोकने के लिए रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने प्रमुख पार्कों, मॉल और सार्वजनिक स्थलों पर बड़ी संख्या में जवानों की तैनाती की है।

इस दौरान पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ महिला पुलिस भी तैनात रहेगी ताकि किसी भी प्रकार की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने साफ निर्देश दिए हैं कि कानून हाथ में लेने वालों, मनचलों और हुड़दंग करने वालों पर सख्त एक्शन लिया जाएगा।

पिछले साल क्रिसमस के दौरान मॉल में हुई घटनाओं को ध्यान में रखते हुए इस बार पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। ऊर्जा पार्क, मैगनेटो मॉल, जोरा मॉल, सिटी सेंटर मॉल, गांधी उद्यान, मोतीबाग गार्डन, कलेक्ट्रेट गार्डन, निगम गार्डन और राम मंदिर जैसे इलाकों को संवेदनशील मानते हुए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगर किसी संगठन या समूह द्वारा कपल्स को अनावश्यक रूप से परेशान किया गया, तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई होगी।
