रायगढ़ । रायगढ़ जिले में जंगली सुअर के शिकार के लिए अवैध रूप से बिछाए गए बिजली के करंट ने दो ग्रामीणों की जान ले ली। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने जांच के बाद एक नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला चक्रधरनगर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार ग्राम छोटे रेगड़ा निवासी पुनीलाल यादव उर्फ मंत्री और संदीप एक्का 9 दिसंबर को शिकार के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। 12 दिसंबर को परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। अगले दिन संबलपुरी नाले के पास टिकरा क्षेत्र में दोनों के शव मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण बिजली का करंट बताया गया।
जांच में सामने आया कि शिकार के लिए हाईटेंशन खंभे से अवैध हुकिंग कर तार बिछाया गया था। इसी दौरान दोनों करंट की चपेट में आ गए। डर के कारण आरोपियों ने शवों को झाड़ियों में छिपाने की कोशिश की। पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर गैर इरादतन हत्या व बिजली चोरी की धाराओं में कार्रवाई की है।
