रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि प्रदेशभर में बड़े पैमाने पर नकली दवाओं की आपूर्ति हो रही है, जिससे मरीजों की जान पर खतरा मंडरा रहा है। बैज ने सरकार पर दोषी दवा कंपनियों और संबंधित अधिकारियों को बचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह सीधे-सीधे स्वास्थ्य व्यवस्था की विफलता है। उन्होंने मांग की कि नकली दवाएं बेचने वाली कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और पूरे मामले की गहन जांच की जाए।
इसके साथ ही बैज ने पाकिस्तान से ड्रग्स की तस्करी पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह बेहद चिंताजनक है कि ड्रग्स छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि यह सुरक्षा तंत्र की बड़ी नाकामी है, जो युवाओं को नशे की ओर धकेल रही है और प्रदेश की सुरक्षा के लिए खतरा बन गई है।
रेलवे सेवाओं को लेकर भी बैज ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि लगातार ट्रेनों का रद्द होना छत्तीसगढ़ के यात्रियों के साथ सौतेला व्यवहार है। भाजपा की डबल इंजन सरकार सिर्फ वादे करती है लेकिन जमीनी स्तर पर जनता की परेशानियों का समाधान नहीं करती।
बैज ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही स्वास्थ्य कर्मियों की मांगें पूरी नहीं कीं, नकली दवाओं की आपूर्ति पर रोक नहीं लगाई और ड्रग तस्करी पर सख्ती नहीं दिखाई, तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर भाजपा सरकार की विफलताओं को उजागर करती रहेगी।
