पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने एशिया कप 2025 के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। लेकिन टीम चयन को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है क्योंकि बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को टीम से बाहर कर दिया गया है।
उनकी जगह बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज सईम अयूब को तरजीह दी गई है। खास बात यह है कि अयूब के आंकड़े बेहद निराशाजनक रहे हैं। उन्होंने अब तक खेले 36 टी20 मैचों में केवल 705 रन बनाए हैं। उनका औसत 22.03 और स्ट्राइक रेट 137.15 है। इतना ही नहीं, एशियाई पिचों पर उनका औसत गिरकर मात्र 15.11 रह जाता है।
फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट्स मान रहे हैं कि ऐसे खिलाड़ी को प्रमुख ओपनर बनाना टीम के लिए बड़ा रिस्क साबित हो सकता है। वहीं बाबर आजम, जिन्होंने पाकिस्तान के लिए 128 मैचों में 4223 रन बनाए और टी20 रन चेज में विराट कोहली के बाद दूसरे नंबर पर हैं, उन्हें स्क्वाड से बाहर करना सभी को हैरान कर रहा है।
एशिया कप 2025 में पाकिस्तान की टक्कर भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश जैसी मजबूत टीमों से होगी। अब देखना होगा कि PCB का यह फैसला मैदान पर कितना कारगर साबित होता है। अगर सईम अयूब फ्लॉप रहे, तो इसका खामियाजा पूरा बोर्ड और टीम दोनों को भुगतना पड़ सकता है।
