June 5, 2026
Bunglow no-18, Aishwarya Residency, Near VIP Chowk, Raipur, Chhattisgarh, 492001
Breaking news Chhattisgarh

कौशल्या विहार में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, RDA, नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई

रायपुर। कौशल्या विहार क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ शनिवार सुबह प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA), नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने RDA की 26 एकड़ जमीन पर वर्षों से बने अवैध मकानों और नए निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान एसडीएम नंद कुमार चौबे, RDA व नगर निगम के अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। यह जमीन RDA के स्वामित्व में है, जिस पर लोगों ने बिना किसी वैध अनुमति के कब्जा कर निर्माण कर लिया था।

फर्जी दस्तावेज़ों के ज़रिए की गई ज़मीन की बिक्री
इस कार्रवाई में यह भी खुलासा हुआ कि कई लोगों को फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से धोखाधड़ी कर ज़मीन बेची गई थी। इलाके के निवासी पप्पू खान और समा बेगम ऐसे ही फर्जी जमीन सौदों का शिकार बने। पप्पू खान ने बताया कि उन्होंने करीब दो साल पहले कर्ज लेकर एक लाख रुपये में यह जमीन खरीदी थी और मकान बनवाना शुरू किया था। जांच में उनके दस्तावेज फर्जी निकले।

प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए फर्जी जमीन बेचने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की सिफारिश की है। साथ ही, प्रभावित परिवारों को उनके सामान के साथ वैकल्पिक ठिकानों पर शिफ्ट किया जा रहा है।

बीएसयूपी में किया जाएगा पुनर्वास
एसडीएम नंद कुमार चौबे ने बताया कि क्षेत्र के लोगों को पहले से नोटिस भेजे जा रहे थे, लेकिन कई लोगों ने इसे नजरअंदाज किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हाल ही में बने अवैध मकानों में रह रहे लोगों को बीएसयूपी (BSUP) योजना के तहत वैकल्पिक रूप से पुनर्वासित किया जाएगा। वहीं जिनके पास पहले से वैध आवास हैं, उन्हें वहीं बसाया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि रायपुर शहर में किसी भी स्थान पर अवैध निर्माण की अनुमति नहीं दी जाएगी और जहां भी ऐसा निर्माण मिलेगा, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Terimakasih Kepada
Digital Forensics & Incident Response